पोर्टल तकनीकी समस्या से प्रभावित हो रही गैस बुकिंग, सप्लाई सामान्य: अवनीश राणा
क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच असमंजस और परेशानी की स्थिति बनी हुई है। कई लोग गैस समय पर न मिलने की शिकायत कर रहे हैं। इस संबंध में जब मीडिया ने खतौली स्थित इंडेन गैस - चौधरी गैस एजेंसी के प्रबंधक अवनीश राणा से बातचीत की तो उन्होंने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि तकनीकी कारणों और कुछ गलतफहमियों के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अवनीश राणा ने बताया कि वर्तमान में गैस वितरण से संबंधित पोर्टल तकनीकी रूप से पूरी तरह सुचारू रूप से कार्य नहीं कर पा रहा है, जिसके कारण बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया में कुछ विलंब हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कुछ भ्रामक जानकारियां भी फैलाई जा रही हैं, जिससे आम जनता के बीच घबराहट का माहौल बन रहा है। कई उपभोक्ता बिना पूरी जानकारी के पैनिक होकर गैस एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि सरकार की ओर से गैस की सप्लाई पूरी तरह से मिल रही है। उन्होंने बताया कि एजेंसी को जितनी डिमांड भेजी जाती है, उसके अनुसार गैस की सप्लाई समय पर प्राप्त हो रही है। हालांकि हाल ही में गैस बुकिंग से जुड़े नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। पहले शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ता 15 दिन के बाद गैस की री-बुकिंग कर सकते थे, लेकिन अब इस अवधि को बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह अवधि 45 दिन निर्धारित कर दी गई है। अवनीश राणा ने कहा कि कुछ स्थानों पर ट्रांसपोर्टेशन और अन्य तकनीकी कारणों की वजह से हल्की-फुल्की दिक्कत सामने आ सकती है, लेकिन इसके बावजूद एजेंसी को नियमित रूप से गैस की सप्लाई मिल रही है और उपभोक्ताओं को नियमानुसार सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चौधरी गैस एजेंसी लगातार खुल रही है और वहां आने वाले ग्राहकों की समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अफवाह या गलत जानकारी पर ध्यान न दें और निर्धारित नियमों के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें। साथ ही उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपनी केवाईसी अपडेट कराना सुनिश्चित करें, क्योंकि कई बार केवाईसी अधूरी होने के कारण भी बुकिंग और डिलीवरी में समस्या आ जाती है। अवनीश राणा ने यह भी बताया कि उपभोक्ता स्वयं भी इंडियन ऑयल वन ऐप के माध्यम से अपनी केवाईसी अपडेट कर सकते हैं और गैस की बुकिंग कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया और अधिक आसान और पारदर्शी हो जाएगी तथा अनावश्यक भीड़ से भी बचा जा सकेगा। अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि तकनीकी पोर्टल से संबंधित समस्या को जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा। इसके लिए कंपनी की टेक्निकल टीम धनबाद में लगातार कार्य कर रही है और ऊपर से एजेंसी को यही जानकारी प्राप्त हो रही है कि जल्द ही सभी पोर्टल सामान्य रूप से काम करने लगेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे ही तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह सुचारू होगी, गैस वितरण की प्रक्रिया भी पहले की तरह सामान्य हो जाएगी और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।