मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर बढ़ा विवाद, अशरफ खान ने जताई नाराज़गी
झारखंड सरकार के मंत्री Irfan Ansari के हालिया बयान को लेकर प्रदेश की सियासत में विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। रांची के पूर्व डिप्टी मेयर प्रत्याशी और पठान तंजीम केंद्रीय झारखंड के संरक्षक अशरफ खान उर्फ चुन्नू खान ने मंत्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह के बयान से समाज में अनावश्यक तनाव का माहौल बन रहा है।
अशरफ खान ने कहा कि मंत्री को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए जिससे किसी भी धर्म की धार्मिक परंपराओं या भावनाओं पर असर पड़े। उन्होंने कहा कि विधानसभा में रामनवमी के दौरान डीजे बजाने को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश में अलग तरह की बहस शुरू हो गई, जिसके कारण कुछ लोग मुसलमानों की नमाज से पहले होने वाली अजान पर भी आपत्ति जताने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को बोलते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उसके शब्दों का समाज पर क्या प्रभाव पड़ेगा। अशरफ खान ने अपील की कि मंत्री प्रदेश में सौहार्द बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी से बयान दें और विवाद को बढ़ावा देने से बचें।
अशरफ खान ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में रमजान का महीना चल रहा है और झारखंड के कई इलाकों में रसोई गैस की किल्लत से लोग परेशान हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि आम जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसे बयानों से झारखंड में ईद और रामनवमी जैसे त्योहारों के दौरान माहौल खराब होता है तो यह राज्य के लिए ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मंत्री को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए काम करना चाहिए और सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए।
अशरफ खान ने कहा कि यदि मंत्री से पद की जिम्मेदारी नहीं संभल रही है तो उन्हें पद से इस्तीफा देकर सामान्य राजनीतिक बयानबाजी करनी चाहिए, लेकिन सरकार और समाज को विवाद में नहीं डालना चाहिए।