logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कर्नल बलदेवसिंह ने कोलंबो में वार मेमोरियल में ऑपरेशन पवन में वीरगति को प्राप्त वीरों को दी श्रद्धांजलि

कर्नल चौधरी ने कोलंबो, श्रीलंका में वॉर मेमोरियल पर ऑपरेशन पवन में वीरगति प्राप्त जवानों को दी पुष्पांजलि
शेरगढ़/जोधपुर।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी शेरगढ़ कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह चौधरी ‘मानव’ ने हाल ही में श्रीलंका की 10 दिवसीय यात्रा के दौरान राजधानी कोलंबो स्थित इंडियन पीस कीपिंग फोर्स (IPKF) वॉर मेमोरियल पर वर्ष 1987–1990 के ऑपरेशन पवन में वीरगति प्राप्त भारतीय सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह यात्रा 19 मद्रास रेजिमेंट के अधिकारियों के 19 सदस्यीय दल के साथ सम्पन्न हुई, जिसका नेतृत्व लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, जीओसी-इन-सी, साउथ वेस्टर्न कमांड, जयपुर द्वारा किया गया। इस दल का उद्देश्य ऑपरेशन पवन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा उनके अदम्य साहस को नमन करना था।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 1987 से 1990 के बीच भारतीय सेना ने श्रीलंका में “ऑपरेशन पवन” के तहत लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) जैसे उग्रवादी संगठन के विरुद्ध कठिन सैन्य अभियान चलाया था। भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए श्रीलंका में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अभियान में अनेक भारतीय सैनिकों ने मातृभूमि की गरिमा और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
इन्हीं अमर शहीदों की स्मृति को सदैव जीवित रखने के लिए भारत सरकार, श्रीलंका सरकार, भारतीय सेना तथा श्रीलंकाई सेना के संयुक्त प्रयासों से कोलंबो में एक भव्य युद्ध स्मारक स्थापित किया गया है, जो भारत-श्रीलंका मित्रता, शांति और सैनिकों के बलिदान का प्रतीक है।
इस अवसर पर कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह चौधरी ‘मानव’ ने विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के उन वीर सैनिकों को नमन किया, जिन्होंने ऑपरेशन पवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने जाट रेजिमेंट, राजपूत रेजिमेंट, राजपूताना राइफल्स, ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट तथा पैराशूट रेजिमेंट, विशेषकर 10 पैरा रेजिमेंट के शहीद सैनिकों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने बताया कि जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर तथा विशेष रूप से शेरगढ़ और फलोदी क्षेत्र के अनेक सैनिकों ने ऑपरेशन पवन में भाग लेकर इस क्षेत्र की वीरता और बलिदान की गौरवशाली परंपरा को और सशक्त किया।
कर्नल चौधरी ने कहा कि अपने क्षेत्र के शहीदों को अंतरराष्ट्रीय धरती पर जाकर श्रद्धांजलि देना उनके लिए अत्यंत गर्व और भावुकता का क्षण रहा, क्योंकि इन वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर उन्होंने भावुक शब्दों में कहा—
“शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर वर्ष मेले,
वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशां होगा।”
कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह चौधरी ‘मानव’ के इस प्रयास को क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने अत्यंत सराहनीय बताया। उनके इस कदम ने पश्चिमी राजस्थान के वीर सैनिकों के योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्मरण कराने और नई पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
अंत में कर्नल चौधरी ने इस यात्रा को सफल बनाने के लिए भारतीय सेना और श्रीलंकाई सेना का आभार व्यक्त किया तथा भारत सरकार और श्रीलंका सरकार को धन्यवाद दिया कि उन्होंने कोलंबो के हृदय स्थल पर इस भव्य युद्ध स्मारक की स्थापना कर भारतीय सैनिकों के अमर बलिदान को सदैव के लिए अमर कर दिया है।

4
78 views

Comment