वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले एक व्यक्ति को घटना
वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले एक व्यक्ति को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर रेलवे सुरक्षा बल और अपराध खुफिया शाखा की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 22223 सीएसएमटी? साईनगर शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस जब ठाकुर्ली और कल्याण रेलवे स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 52/114 के पास से गुजर रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थरबाजी कर दी। इस घटना में ट्रेन के सी-1, सी-3, सी-4 और सी-7 कोच की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल कल्याण और अपराध खुफिया शाखा कल्याण की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कल्याण के पत्रीपुल क्षेत्र के आसपास तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान सनी कांबले (23 वर्ष), निवासी पुणे के रूप में हुई। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने नशे की हालत में गांजा सेवन करने के बाद रेलवे ट्रैक के पास जाकर गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस के विभिन्न कोचों पर पत्थर फेंके थे।