logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 331 जोड़ों का हुआ विवाह, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 331 जोड़ों का हुआ विवाह, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

जय प्रकाश त्रिपाठी
जिला संवाददाता, सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर, 14 मार्च 2026। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बगल स्थित खाली प्रांगण में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल, विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ श्री विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक मौर्या, पूर्व विधायक इटवा डॉ. सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि सांसद श्री जगदम्बिका पाल, विधायकगण, जिलाध्यक्ष भाजपा तथा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को बुके भेंट कर स्वागत किया गया, जबकि जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा उपस्थित अन्य अतिथियों और अधिकारियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कुल 331 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया, जिसमें 238 हिंदू समुदाय, 74 बौद्ध धर्म तथा 19 मुस्लिम समुदाय के जोड़े शामिल रहे। हिंदू समुदाय के जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पंडितों द्वारा सम्पन्न कराया गया, जबकि मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का निकाह मौलाना द्वारा पढ़ाया गया। वहीं बौद्ध धर्म के अनुयायियों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न कराया गया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री जगदम्बिका पाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार का भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को बेटियों की शादी की चिंता रहती है, लेकिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने इस चिंता को काफी हद तक दूर किया है। उन्होंने कहा कि इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और वर-वधू के परिवारों का आशीर्वाद नवदम्पतियों को मिल रहा है, जो उनके नए जीवन की अच्छी शुरुआत के लिए महत्वपूर्ण है।
सांसद श्री पाल ने यह भी घोषणा की कि नवविवाहित जोड़ों को जिला प्रशासन के माध्यम से रोजगार अथवा प्लेसमेंट दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकें। उन्होंने कहा कि जो लोग उद्योग, कालानमक चावल, कम्प्यूटर अथवा अन्य क्षेत्रों में कार्य करना चाहते हैं, उन्हें ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।
विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सदैव गरीबों के कल्याण के लिए चिंतित रहते हैं। गरीब परिवारों को बेटियों की शादी की चिंता रहती है, इसलिए सरकार ने सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों की शादी कराकर उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के लिए आवास, निःशुल्क खाद्यान्न, गैस सिलेंडर सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम पंक्ति के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
विधायक शोहरतगढ़ श्री विनय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सामूहिक विवाह के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों की शादी कराना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास कर रही है, जिसका परिणाम है कि आज बड़ी संख्या में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी सम्मानपूर्वक सम्पन्न हो रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक मौर्या ने भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सराहना करते हुए कहा कि सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर मिल रहा है, जो समाज के लिए एक सकारात्मक पहल है।
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े की वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 60 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त लगभग 25 हजार रुपये की घरेलू सामग्री भी दी गई है तथा 15 हजार रुपये बारात के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नवदम्पतियों को योजना के अंतर्गत साड़ी-ब्लाउज (पांच सेट), पेटीकोट, कढ़ाईदार चुनरी, पैंट-शर्ट का कपड़ा, गमछा, चांदी की पायल, बिछिया, स्टील का डिनर सेट, पांच लीटर का कूकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, कड़ाही, वैनिटी किट, सीलिंग फैन, कूल केज, प्रेस, डबल बेड चादर, कंबल, गद्दा, तकिया, सिंहोरा, चूड़ी-कंगन सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान की गई। इसके अलावा वर-वधू को लड्डू, बादाम, अखरोट, मखाना, किशमिश और सूखा नारियल भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सांसद, विधायकगण, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, संबंधित खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

44
5214 views

Comment