logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नगर परिषद सभा स्थल से जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान का गरिमामयी शुभारंभ, स्वच्छता शपथ के साथ सामूहिक श्रमदान

*नगर परिषद् सभा स्थल से जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान का गरिमामयी शुभारंभ, स्वच्छता शपथ के साथ सामूहिक श्रमदान*

खैरथल / हीरालाल भूरानी
राजस्थान दिवस के आगामी आयोजनों की श्रृंखला में शनिवार को जिला स्तरीय स्वच्छता एवं संकल्प जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। लक्ष्मी नारायण मंदिर स्थित नगर परिषद् सभा स्थल में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक किशनगढ़ बास रामहेत यादव एंव अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता शपथ एवं प्लास्टिक मुक्त भारत शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की, इसके पश्चात लक्ष्मी नारायण मंदिर स्थित पार्क की साफ सफाई भी की गई।
समारोह का प्रारंभ स्वच्छता शपथ के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों, आमजन, राजकीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक किशनगढ़बास ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान का सक्रिय सारथी बनने हेतु प्रेरित किया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि प्रतिवर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस के रूप में अत्यंत उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष मुख्य समारोह 19 मार्च को आयोजित होगा, जिसके उपलक्ष्य में आज 14 मार्च से ही विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सप्ताह के माध्यम से न केवल वातावरण को परिष्कृत किया जा रहा है, बल्कि यह आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक गरिमा और विकास के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।
राजस्थान दिवस के उपलक्ष में 15 मार्च को प्रातः 8 बजे पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल से विकसित राजस्थान रन का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। विकसित राजस्थान रन की शुरुआत पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल से शुरू होकर फाटक, तिरंगा मार्केट,पुरानी अनाज मंडी होते हुए जिला सचिवालय खैरथल पहुंचेगी।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने समस्त नागरिकों को इस आयोजन में ससम्मान आमंत्रित किया है ताकि जन-भागीदारी के माध्यम से इस उत्सव को भव्यता प्रदान की जा सके। उन्होंने बताया कि 19 मार्च तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश पूर्व में ही जारी किए जा चुके हैं, जिनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, उम्मेद सिहं भाया, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, ओमप्रकाश मांधू, नगर परिषद पार्षद सहित अधिकारी एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

0
99 views

Comment