चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों का जायजा: डीएम नितिका खण्डेलवाल ने ब्रह्मपुरी से ढालवाला तक किया निरीक्षण
जाम की समस्या रोकने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और सुरक्षा उपायों के दिए निर्देश
टिहरी | 14 मार्च 2026, केदार सिंह चौहान ‘प्रवर’|
आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार 14 मार्च को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ ब्रह्मपुरी परिवहन विभाग चौकी, ब्रह्मपुरी मार्केट, नीरगढ़, तपोवन, खारास्रोत, ढालवाला तथा ब्रह्मपुरी राफ्टिंग प्वाइंट सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
राफ्टिंग वाहनों का डेटा तैयार करने और जाम रोकने के निर्देश
ब्रह्मपुरी राफ्टिंग प्वाइंट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा सीजन में जाम की स्थिति से निपटने के लिए राफ्टिंग और पर्यटन गतिविधियों में लगे वाहनों का पूरा डेटा तैयार किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि राफ्टिंग बुकिंग किन-किन स्थानों से की जा रही है और वाहनों की संख्या कितनी है, ताकि पहले से योजना बनाकर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि व्यावसायिक रूप से किराये पर दिए जाने वाले दोपहिया वाहनों के स्वामियों के पास पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। यदि पार्किंग क्षमता से अधिक वाहन पाए जाते हैं तो संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया जाएगा।
तपोवन क्षेत्र में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
तपोवन क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने
डेक्कन वैली मार्ग पर नाले की ओर सुरक्षात्मक उपाय करने
बालकनाथ मार्ग पर नाली की मरम्मत
पोलों पर लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने
अनावश्यक पोल कियोस्क हटाने
नालियों की सफाई और कवरिंग सुनिश्चित करने
के निर्देश दिए।
इसके अलावा पार्किंग क्षेत्र में बने राफ्टिंग कार्यालयों को हटाने के निर्देश भी ईओ तपोवन को दिए गए।
खारास्रोत क्षेत्र में पुल का मलबा हटाने के निर्देश
खारास्रोत पार्किंग के पास ध्वस्त हुए पुराने पुल के मलबे को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि राजमार्ग की नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए तथा शिवपुरी क्षेत्र में पड़े मलबे को तत्काल हटाया जाए।
होटल एसोसिएशन के साथ बैठक, पार्किंग और एलपीजी व्यवस्था पर चर्चा
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने एक निजी होटल में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ चारधाम यात्रा और एलपीजी सिलेंडर वितरण व्यवस्था को लेकर बैठक की।
उन्होंने कहा कि जिन होटलों के पास पार्किंग की क्षमता कम है, वे होटल स्वामी निजी या सरकारी पार्किंग के साथ समन्वय (Tie-up) कर वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करें, ताकि यात्रा के दौरान सड़क पर वाहनों की पार्किंग से जाम की समस्या न उत्पन्न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दुकानों का अनावश्यक अतिक्रमण आगे की ओर न बढ़ाया जाए, अन्यथा प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
एलपीजी सिलेंडर वितरण को लेकर प्रशासन की अपील
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने एलपीजी सिलेंडर वितरण व्यवस्था के बारे में स्पष्ट करते हुए कहा कि सभी उपभोक्ताओं को सरकारी गाइडलाइन का पालन करना होगा।
उन्होंने कहा कि सिलेंडर प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग को प्राथमिकता दी जाए, और यदि किसी को ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आती है तो ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से गैस गोदामों में भीड़ न बढ़ाएं।
इस दौरान हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के प्रतिनिधियों ने भी एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में जानकारी साझा की।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण और बैठक के दौरान
एसएसपी आयुष अग्रवाल
एएसपी दीपक सिंह
एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल
एआरटीओ सतेन्द्र राज
डीएसओ मनोज डोभाल
ईओ मुनिकीरेती अंकिता जोशी
ईओ तपोवन अंजली रावत
एसएचओ प्रदीप चौहान
सहित एनएच, सिंचाई और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।