सड़क दुर्घटना: इटवा-बढ़नी मार्ग पर अनियंत्रित पिकअप पलटने से हड़कंप, टला बड़ा हादसा
सिद्धार्थनगर जिले में इटवा-बढ़नी मार्ग पर शनिवार सुबह एक केले से लदी मैजिक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया।
यह घटना अमौना स्थित अलफारुक इंटर कॉलेज के पास हुई। वाहन पहले बिजली के खंभे से टकराया और फिर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और पिकअप का अगला हिस्सा भी टूट गया।
जानकारी के अनुसार, मैजिक पिकअप डुमरियागंज मंडी से केला भरकर बढ़नी जा रही थी। सुबह करीब पांच बजे हुए इस हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को वाहन से बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गनीमत रही कि यह हादसा सुबह के समय हुआ, जब सड़क पर भीड़ कम थी, अन्यथा कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।