यूपी में खटारा स्कूली वाहनों पर कसेगा शिकंजा, 1 से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान
*लखनऊ*
प्रदेश में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग बड़ा अभियान चलाने जा रहा है। अवैध और खटारा स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने 15 साल से अधिक पुराने स्कूली वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।
यह विशेष अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। अभियान के दौरान स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, ड्राइवर के लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की सघन जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि हाल ही में आगरा में एक छात्रा की स्कूल वैन से गिरकर मौत हो गई थी, जिसके बाद शासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूलों से उनके यहां संचालित वाहनों की सूची भी तलब की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूली वाहनों में तय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
*रिपोर्ट यूनुश सिद्दीकी
हरदोई *