अटल जनसेवा शिविर में समस्याओं का किया मौके पर समाधान, आमजन को मिली राहत
राज्य सरकार की त्रिस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत गुरुवार को पंचायत समिति झालरापाटन के वीसी कक्ष में जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में अटल जनसेवा शिविर व उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित हुई। शिविर में आमजन की समस्याएं सुनकर कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का त्वरित व पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास, पालनहार व स्वामित्व जैसी योजनाओं का सभी पात्र व्यक्तियों को समय पर लाभ मिलना चाहिए।
जनसुनवाई में सड़कों की मरम्मत, पेयजल, बिजली आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा में नाम जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना, पालनहार योजना, चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने और खेतों तक रास्ते खुलवाने की समस्याएं रखीं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस दौरान मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए शहर में नियमित फोगिंग कराने तथा सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को गोशालाओं में भिजवाने के भी निर्देश दिए गए।
शिविर में तहसीलदार नरेन्द्र मीणा, विकास अधिकारी महेश मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Aima media झालावाड़