logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

## एडीजीपी लता मनोज कुमार ने किया बारां पुलिस का वार्षिक निरीक्षण

---


**बारां, 13 मार्च।** अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (सिविल राइट्स, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग एवं कम्युनिटी पुलिसिंग) राजस्थान जयपुर श्रीमती लता मनोज कुमार ने बारां जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

निरीक्षण के पहले दिन उन्होंने वृत कार्यालय अटरू और पुलिस थाना कवाई का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित प्रकरणों, कानून-व्यवस्था तथा पुलिस कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दूसरे दिन एडीजीपी ने पुलिस लाइन बारां में सेरेमोनियल परेड की सलामी ली। उन्होंने महिला आत्मरक्षा कौशल, क्यूआरटी/बलवा परेड, पीटी प्रदर्शन और पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों की संपर्क सभा लेकर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

इसके बाद एडीजीपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की शाखाओं का निरीक्षण किया और अपराध गोष्ठी में भाग लिया। बैठक में हत्या, लूट, डकैती जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम, महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों के त्वरित अनुसंधान, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने, यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तथा अंतरराज्यीय अपराधों पर नियंत्रण के निर्देश दिए।

उन्होंने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और दर्ज मामलों में सजा प्रतिशत बढ़ाने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के अंत में उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष और कमांड सेंटर का भी जायजा लिया।

---

82
4720 views

Comment