logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा खुलासा-आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चार गिरफ्तार, एक फरार

फतेहपुर संवाददाता।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौफेरवा में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।
बताया जाता है कि 11 मार्च 2026 को ग्राम चौफेरवा निवासी सुशील श्रीवास्तव ने पड़ोसियों की मदद से सब्बल से घर का दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में उनकी पत्नी सुशीला श्रीवास्तव पुत्र अमर श्रीवास्तव और छोटे भाई सुनील कुमार श्रीवास्तव खून से लथपथ हालत में पड़े थे। मौके पर ही सुशीला और अमर की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनील को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की जांच के दौरान घटनास्थल से दो खून से सने ब्लेड, सल्फास के पाउच, केमिकल का डिब्बा और दो गिलास बरामद हुए, जिनसे सल्फास की तेज गंध आ रही थी। वहीं मृतक अमर श्रीवास्तव द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी मिला। सुसाइड नोट में अमर ने खुद को कर्ज में डूबा बताया और कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार परेशान करने तथा एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दिए जाने की बात लिखी थी।
जांच में यह भी सामने आया कि तीनों मृतकों के गले और कलाई पर ब्लेड से कटने के निशान थे। कमरे के फर्श पर खून फैला हुआ था और दीवारों पर भी खून के छींटे पड़े थे, लेकिन घटनास्थल पर संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। मृतक के पिता सुशील श्रीवास्तव ने भी पुष्टि की कि बरामद सुसाइड नोट उनके बेटे अमर की ही लिखावट में है और उन्होंने इस घटना को आत्महत्या बताया है।
सुशील श्रीवास्तव की तहरीर पर कोतवाली थाना में मुकदमा संख्या 77/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपियों दिलीप उर्फ पप्पू त्रिवेदी निवासी कलक्टरगंज, संजय सिंह निवासी उत्तरी गौतम नगर, शुभम कुमार कश्यप निवासी मुराइनटोला और सोनू कुमार रैदास निवासी कोराई (हाल पता गढ़ीवा) को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं एक अन्य आरोपी राहुल श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हेमंत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अविनाश मिश्रा, गुलाब चन्द्र मौर्य तथा कांस्टेबल राकेश सिंह, रामकुमार पाराशर और रामकुमार की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच अभी भी जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

18
2534 views

Comment