छाम कुक्कुट प्रक्षेत्र का डीएम नितिका खंडेलवाल ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
ब्रीडर पक्षियों के रख-रखाव, अंडा उत्पादन और चूजा वितरण व्यवस्था की ली जानकारी
टिहरी | 13 मार्च 2026। केदार सिंह चौहान ‘प्रवर’
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने थौलधार भ्रमण के दौरान राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र छाम का स्थलीय निरीक्षण किया और वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा ने प्रक्षेत्र में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां ब्रीडर पक्षियों का रख-रखाव, अंडा उत्पादन, फीड प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था तथा हैचरी से चूजा उत्पादन जैसे कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
चूजा उत्पादन और वितरण की जानकारी ली
जिलाधिकारी ने प्रक्षेत्र में चूजा उत्पादन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और यह भी जानकारी ली कि पिछले दो महीनों में पात्र लाभार्थियों को कम दाम पर चूजों का वितरण किया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर पोल्ट्री व्यवसाय को बढ़ावा मिल रहा है।
स्वच्छता और जैव-सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रक्षेत्र में साफ-सफाई, जैव-सुरक्षा (बायो-सिक्योरिटी) तथा पक्षियों के बेहतर प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बेहतर बनाए रखी जा सके।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जोत सिंह बिष्ट, मुलायम सिंह रावत, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, खंड विकास अधिकारी स्नेह नेगी, जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. तोमर, डॉ. साक्षी बिजल्वाण, डॉ. संगीता, ज्येष्ठ प्रसार अधिकारी पंकज बडोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।