logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कानून एवं षान्ति व्यवस्था के लिए एसडीएम ने संभाली कमान नानपारा में पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च

कानून एवं षान्ति व्यवस्था के लिए एसडीएम ने संभाली कमान
नानपारा में पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च

बहराइच 13 मार्च। रमज़ान माह के अंतिम शुक्रवार अलविदा जुमे की नमाज को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नानपारा प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इस दौरान एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने स्वयं कमान संभालते हुए पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
अपने सक्रिय, संवेदनशील और सख्त प्रशासनिक कार्यशैली के लिए पहचानी जाने वाली एसडीएम मोनालिसा जौहरी पूरे समय क्षेत्र में मौजूद रहीं और हर एक व्यवस्था को स्वयं परखती नजर आईं। उन्होंने प्रमुख नमाज स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
फ्लैग मार्च के दौरान एसडीएम की सख्ती भी साफ दिखाई दी। नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा सड़क के बाहर तक सामान रखे जाने से यातायात प्रभावित होता देख एसडीएम का पारा चढ़ गया और एसडीएम ने मौके पर ही दुकानदारों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क पर रखा सामान तत्काल हटाकर दुकान के अंदर रखा जाए, क्योंकि ऐसे अतिक्रमण से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। एसडीएम ने कड़ी चेतावनी देते हुए दुकानदारों से कहा कि यदि अगली बार मुझे किसी भी दुकान का सामान बाहर सरकारी सड़क पर रखा मिल गया तो उसको जब्त कराकर थाने भिजवा दूंगी
एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रशासन की पहली प्राथमिकता शांति व्यवस्था, सुरक्षा और सुचारू यातायात बनाए रखना है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की। एसडीएम की सख्त व सतर्क निगरानी एवं पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के चलते नानपारा क्षेत्र में अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन की सक्रियता से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
रामेश्वर सिंह भदोरिया बहराइच

0
11 views

Comment