logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से अटेली में बनेगा राजकीय कॉलेज का नया भवन अटेली, हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से अटेली में बनेगा राजकीय कॉलेज का नया भवन

पंकज यादव,मंडीअटेली।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से महेंद्रगढ़ जिले के अटेली स्थित राजकीय कॉलेज के नए भवन निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। कॉलेज भवन के निर्माण से संबंधित ड्रॉइंग को स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके बाद अब परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकीय कॉलेज अटेली के प्रस्तावित नए भवन की सभी आवश्यक ड्रॉइंग तैयार कर स्वीकृत कर दी गई हैं। स्वीकृत ड्रॉइंग का एक सेट संबंधित विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। इन स्वीकृत योजनाओं में कॉलेज परिसर का लेआउट प्लान, ग्राउंड फ्लोर के साथ प्रथम व द्वितीय तल का प्लान तथा तृतीय और टैरेस फ्लोर का विस्तृत प्लान शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि राजकीय कॉलेज अटेली के नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी बेहतर माहौल उपलब्ध होगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत ड्रॉइंग की प्रतियां शीघ्र ही इंजीनियर-इन-चीफ, पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर), हरियाणा, चंडीगढ़ को भेजी जाएं, ताकि परियोजना का रफ कॉस्ट एस्टीमेट तैयार किया जा सके और निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए भवन के निर्माण के बाद कॉलेज में आधुनिक कक्षाएं, बेहतर आधारभूत ढांचा, विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक शैक्षणिक माहौल तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे न केवल कॉलेज की शैक्षणिक क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करना है और इसके लिए लगातार नए संस्थान, भवन और आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। राजकीय कॉलेज अटेली का नया भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी।

18
998 views

Comment