आमजन में पुलिस के प्रति सुरक्षा विश्वास व पुलिस व नागरिकों में आपसी सहयोग की भावनाजागृत करने वाले अधिकारियों को संबल कार्यक्रम के तहत सम्मानित किया ।
विदिशा
सामुदायिक पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य करने पर
विदिशा पुलिस को सम्मान — एएसपी श्री चौबे को डीजीपी ने किया सम्मानित ।
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन में जिले में संचालित सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनसहभागिता आधारित पहलों को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। मध्य प्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग शाखा द्वारा आयोजित “संबल” कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री प्रशांत चौबे को उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
यह सम्मान पुलिस महानिदेशक मध्य प्रदेश श्री कैलाश मकवाना द्वारा 10–11 मार्च 2026 को भोपाल में आयोजित “संबल” कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग, न्याय सुलभता तथा पुलिस-समाज के बीच विश्वास को मजबूत करने के लिए किए जा रहे नवाचारों को प्रोत्साहित करना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत चौबे को न्याय क्षेत्र में समर्पित सेवा, समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता, मानवता एवं न्याय आधारित पुलिसिंग के साथ-साथ सामुदायिक पुलिसिंग की कार्यप्रणाली को मुख्यधारा में लाने के प्रयासों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे विदिशा पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है तथा यह जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रेरणा प्रदान करेगा।