Firozabad News: आरोपः झोलाछाप के इंजेक्शन से चूड़ी कारीगर की मौत
फरिहा। थाना क्षेत्र के ग्राम सुनाब में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि दांत के दर्द की दवा लेने गए व्यक्ति को एक झोलाछाप ने गलत इंजेक्शन लगा दिया, इससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम सुनाब निवासी धर्मेंद्र (42) चूड़ी की सिट चलाने का कार्य करते थे। परिजन के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर धर्मेंद्र के दाढ़ (दांत) में अचानक तेज दर्द उठा। कस्बे के ही एक झोलाछाप के पास दवा लेने गए थे। आरोपी ने जैसे ही उन्हें इंजेक्शन लगाया, उनकी हालत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई। धर्मेंद्र अपने दो भाइयों और सात बहनों में सातवें नंबर के थे। उनके पीछे एक बेटा और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिजनों ने सीधे तौर पर झोलाछाप की लापरवाही को मौत का कारण बताया है। इधर, झोलाछाप क्लीनिक बंद कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही थाना फरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा भरकर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।