“हमारा आंगन–हमारे बच्चे” उत्सव में झलकी शिक्षा व स्नेह की भावना
शाहजहांपुर। खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान में बुधवार को “हमारा आंगन–हमारे बच्चे” कार्यक्रम उत्सव के रूप में मनाया गया। इसमें शिक्षा और बाल विकास से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भाग लिया। नन्हे बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बाल वाटिका व आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं के प्रदर्शन ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में बाल वाटिका के रूप में प्री-प्राइमरी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं और आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर से जोड़ा जा रहा है, ताकि बच्चों का शुरू से ही विद्यालय से जुड़ाव बने और शिक्षा की मजबूत नींव रखी जा सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी ने कहा कि शासन की ओर से बाल वाटिका और आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से शिक्षकों के सहयोग से अपने केंद्रों को आदर्श बनाने का आह्वान किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने कहा कि शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समन्वय के साथ बाल वाटिका का संचालन करें, ताकि कोई भी बच्चा प्राथमिक शिक्षा से वंचित न रहे और विद्यालयों में नामांकन बढ़े।
कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर बाल वाटिका और आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों व सुविधाओं का प्रदर्शन किया गया। रंगोली के माध्यम से भी “हमारा आंगन–हमारे बच्चे” का संदेश दिया गया। प्राथमिक विद्यालय सूरतपुर के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों और नोडल शिक्षकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एआरपी नवनीत तिवारी ने किया। इस मौके पर रोहित सिंह, ममता शुक्ला, राजकुमार तिवारी, हरि किशोर दीक्षित, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नरेंद्र जायसवाल, कौशलेंद्र मिश्रा, शुभम तिवारी, जितेंद्र गुप्ता और उमेश चंद्र सक्सेना समेत बड़ी संख्या में शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।