रवींद्र नारायण रवि ने ली पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद की शपथ, CM ममता बनर्जी रहीं मौजूद
कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त राज्यपाल रवींद्र नारायण रवि (आर. एन. रवि) ने गुरुवार को कोलकाता के लोक भवन (पूर्व नाम राजभवन) में शपथ ग्रहण की। कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी और वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बसु सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सीवी आनंद बोस के अचानक इस्तीफे के बाद आर.एन. रवि को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह तमिलनाडु के राज्यपाल थे, जहाँ उनका एम.के. स्टालिन सरकार के साथ गहरा विवाद रहा था। शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आनंद बोस के इस्तीफे पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय के दबाव में यह बदलाव किया गया हो सकता है। अब देखना यह है कि तमिलनाडु में विवादों में रहे रवि का पश्चिम बंगाल सरकार के साथ समन्वय कैसा रहता है।