देहरादून में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा, दो छात्रों की मौत
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई। यह हादसा आईटी पार्क क्षेत्र में उस समय हुआ जब दोनों छात्र बुलेट बाइक से धोरणपुल से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, आदर्श एन्क्लेव गेट के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बिहार निवासी देव कुमार और नागालैंड निवासी रोनित विश्वास को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।