डीएम प्रेम रंजन सिंह बोले – जनगणना बेहद जिम्मेदारीपूर्ण कार्य, पूरी प्रक्रिया को भली-भांति समझें
जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, चार्ज अधिकारियों के प्रशिक्षण का दूसरा दिन संपन्न
एटा, 11 मार्च 2026 भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में चार्ज अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय दिवस बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे चार्ज अधिकारियों और जनपद स्तरीय अधिकारियों को जनगणना कार्य की महत्ता और उसकी प्रक्रिया से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी प्रशिक्षण के दौरान पूरी प्रक्रिया को गंभीरता से समझें। उन्होंने बताया कि मंडल और जिला स्तर से आए प्रशिक्षकों द्वारा जनगणना से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया को विस्तार से समझाया जा रहा है। यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को प्रशिक्षण के दौरान कोई बिंदु समझ में न आए तो उसे तुरंत स्पष्ट कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून तक किया जाएगा, जबकि इसके बाद फरवरी-मार्च में मुख्य जनगणना कार्य कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलों के तहसीलदार चार्ज अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे, वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी इस जिम्मेदारी को निभाएंगे।
डीएम ने बताया कि जनपद में जनगणना कार्य के लिए रिजर्व सहित 3896 प्रगणक (एन्यूमरेटर) और 644 सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को सीएमएमएस पोर्टल और एचसीबीसी वेब पोर्टल की भी जानकारी दी जाएगी। फील्ड स्तर के कर्मचारियों को लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे मास्टर ट्रेनर संजय शर्मा और रजतपाल द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) लालता प्रसाद, उप जिलाधिकारी पीयूष रावत, श्वेता सिंह, जनगणना प्रशिक्षक आदेश कुमार मौर्य, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हर्षवर्धन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार सहित सभी तहसीलदार, नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी, कंप्यूटर सहायक और संबंधित स्टाफ मौजूद रहे।