नई दिल्ली के उत्तम नगर की JJ कॉलोनी में 26 वर्षीय तरुण कुमार की मौत के बाद बने तनावपूर्ण हालात
नई दिल्ली के उत्तम नगर की JJ कॉलोनी में 26 वर्षीय तरुण कुमार की मौत के बाद बने तनावपूर्ण हालात को लेकर जमीअत उलमा-ए-हिंद का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (वेस्टर्न रेंज) जतिन नरवाल से जनकपुरी स्थित उनके कार्यालय में मिला। यह मुलाकात जमीअत के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी के निर्देश पर हुई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महासचिव मौलाना मोहम्मद हकीमुद्दीन कासमी ने किया। उन्होंने पुलिस को सौंपे ज्ञापन में कहा कि घटना के बाद इलाके में साम्प्रदायिक तनाव बढ़ गया है और मुस्लिम समुदाय के लोग डर और चिंता के माहौल में रह रहे हैं। जमीअत ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व इस घटना को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो व संदेश फैलाए जा रहे हैं।
संगठन ने तरुण कुमार की मौत को दुखद बताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई, लेकिन साथ ही मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायपूर्ण जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। जमीअत ने यह भी कहा कि घटना के बाद आरोपियों और उनके पड़ोसियों के घरों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जमीअत ने दिल्ली नगर निगम द्वारा किए गए बुलडोजर एक्शन पर भी चिंता जताई और कहा कि किसी भी कार्रवाई में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक कानून की प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
संगठन ने प्रशासन से मांग की कि नफरत फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो, सोशल मीडिया पर फैल रही भड़काऊ सामग्री को तुरंत रोका जाए, JJ कॉलोनी और आसपास के इलाकों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए और रमजान व आने वाली ईद-उल-फितर के दौरान मुसलमानों को मस्जिदों में नमाज और ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने के साथ-साथ अपनी दुकानें खोलने की पूरी सुरक्षा दी जाए।
जॉइंट कमिश्नर जतिन नरवाल ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और नफरत फैलाने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इलाके में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है और शांति बनाए रखने के लिए पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस को बाजार की स्थिति की समीक्षा कर दुकानों को सामान्य रूप से खुलवाने और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।