सिदगोड़ा टाउन हॉल में 14 मार्च को राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर, तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
जमशेदपुर | रिपोर्ट: आनंद किशोर | बिहार झारखंड न्यूज़ नेटवर्क
पूर्वी सिंहभूम जिले में 14 मार्च 2026 को सिदगोड़ा टाउन हॉल, जमशेदपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के वर्चुअल उद्घाटन एवं राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर को सफल बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला स्तर के विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाने, मंच से लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण करने तथा योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं के योग्य लाभुकों की पहचान कर उनकी सूची जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा सके।
इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, विभागों के बीच समन्वय, स्टॉल की व्यवस्था, लाभुकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, नजारत उपसमाहर्ता श्री डेविड बलिहार, कल्याण पदाधिकारी श्री शंकराचार्य शमद, आपूर्ति पदाधिकारी श्री जुल्फिकार अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री चंद्रजीत सिंह, डीआईओ एनआईसी श्री किशोर प्रसाद सहित न्यायिक पदाधिकारी और विभिन्न विभागों—जैसे जेएसएलपीएस, शिक्षा, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, भूमि संरक्षण, मत्स्य, स्वास्थ्य, श्रम, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, अग्रणी बैंक प्रबंधक, आधार पंजीकरण, सहकारिता, बाल संरक्षण तथा जेल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।