सतना में झगड़े से नाराज पत्नी ने पूरे परिवार को दिया जहर, खुद भी खाया; मासूम बेटे की मौत..
सतना। जिले के रामपुर बघेलान थाना अंतर्गत आने वाला ग्राम बांधा में सोमवार की शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसमें एक पति का झगड़ा होने से नाराज होकर पत्नी ने खाने में जहर मिलाया और खुद तो खाया ही साथ में पति व अपने दोनों बच्चों को भी खिला दिया है। इसके बाद सभी की हालत नाजुक हो गई। आनन-फानन में सभी को रीवा उपचार के लिए ले जाया गया। लेकिन एक बेटे की मौत हो गई व अन्य की सभी की हालत गंभीर है।
*विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम:*
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बांधा निवासी कुंदन शर्मा अपनी पत्नी ज्योति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहता था। सोमवार शाम करीब 7 बजे परिवार में पति कुंदन की अपनी पत्नी ज्योति से कुछ विवाद की बात सामने आई। इसी दौरान कथित तौर पर महिला ने खाने में जहर मिला दिया और उसे बच्चों को खिलाने के साथ खुद भी खा लिया। बाद में पति कुंदन शर्मा ने भी वही खाना खा लिया। घटना की जानकारी तब हुई जब तीन वर्षीय अभिषेक शर्मा किसी तरह बाहर आया और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी।
*अस्पताल में उपचार और पुलिस जांच:*
पड़ोसी जब घर के अंदर पहुंचे तो कुंदन शर्मा, उनकी पत्नी ज्योति शर्मा, बड़ा बेटा आकाश शर्मा और छोटा बेटा अभिषेक शर्मा अचेत हालत में पड़े मिले। स्वजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी को तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान बड़े बेटे आकाश शर्मा की मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी और छोटा बेटा गंभीर हालत में भर्ती हैं। स्वजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी निजी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते यह आत्मघाती कदम उठाया गया होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।