टिहरी के कण्डीसौड़ में 12 मार्च को किसान दिवस, किसानों की समस्याओं का होगा समाधान
12 मार्च को थौलधार विकासखण्ड में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम
टिहरी, 11 मार्च 2026।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशों के क्रम में जनपद में किसानों की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें नवीन कृषि तकनीकों से जागरूक करने के उद्देश्य से किसान दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
इस क्रम में दिनांक 12 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से विकासखण्ड थौलधार के कण्डीसौड़ में किसान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान दिवस के दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं और मुद्दों पर चर्चा कर उनका समाधान किया जाएगा। साथ ही किसानों को तकनीकी एवं वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में निर्धारित रोस्टर के अनुसार किसान दिवस का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को जागरूक बनाना और कृषि से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है।
कृषि विभाग ने क्षेत्र के सभी किसानों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि वे कृषि से जुड़ी योजनाओं और नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकें।