सिंह हवेली के पास ट्रक का एक्सल टूटने से हाईवे पर जाम, दो घंटे बाद यातायात हुआ सुचारू
उझानी/बदायूं। बरेली–मथुरा हाईवे पर सिंह हवेली के सामने एक ट्रक का एक्सल टूट जाने से सड़क पर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार हाईवे पर निर्माण कार्य चलने के कारण फिलहाल एक ही साइड से वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। शुक्रवार सुबह एक ट्रक का एक्सल अचानक टूट गया, जिससे वह बीच सड़क पर ही खड़ा हो गया और यातायात बाधित हो गया। ट्रक के खराब होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सड़क के किनारे कराया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने एक साइड वाहनों को रोककर दूसरी साइड से यातायात को धीरे-धीरे पास कराया। करीब दो घंटे बाद ट्रक को हटाए जाने के बाद ही यातायात पूरी तरह से सुचारू हो सका।