logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

दवाओं के गबन का आरोपी चीफ फार्मासिस्ट फरार, 11 दिन से ड्यूटी से गायब

सीएमओ ने जारी किया नोटिस, तीन दिन में ड्यूटी ज्वाइन करने का अल्टीमेटम

शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में दवाओं के गबन के मामले में आरोपी चीफ फार्मासिस्ट जेडी बंसल गिरफ्तारी के डर से फरार हो गए हैं। वह पिछले 11 दिनों से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विवेक मिश्रा ने उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, जेडी बंसल 28 फरवरी से फरार हैं। इससे एक दिन पहले 27 फरवरी को उनके सह-आरोपी फार्मासिस्ट जुबैर अली को निगोही से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इसके बाद से बंसल ड्यूटी पर नहीं लौटे। उनकी अनुपस्थिति को लेकर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि मुकदमे के करीब 20 महीने बाद पहली गिरफ्तारी हुई थी।

दरअसल, करीब दो साल पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज में दवाओं के गबन का मामला सामने आया था। उस समय परिसर में तैनात एक गार्ड ने दवाओं से भरी पिकअप गाड़ी पकड़ ली थी। इसके बाद स्टोर में स्टॉक की जांच कराने पर दवाओं की कमी पाई गई थी।

तत्कालीन सीएमएस डॉ. नैपाल सिंह ने मामले में औषधि स्टोर इंचार्ज चीफ फार्मासिस्ट जेडी बंसल, फार्मासिस्ट जुबैर अली, नंद किशोर और पिकअप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि शुरुआती कार्रवाई के नाम पर स्वास्थ्य विभाग ने जेडी बंसल का स्थानांतरण भावलखेड़ा सीएचसी और जुबैर अली का निगोही सीएचसी कर दिया था। इसके बाद लंबे समय तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

करीब दो सप्ताह पहले इस प्रकरण को लेकर सवाल उठने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और 27 फरवरी को फार्मासिस्ट जुबैर अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लेकिन मुख्य आरोपी जेडी बंसल अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

बताया जा रहा है कि जब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी, तब तक जेडी बंसल नियमित रूप से भावलखेड़ा सीएचसी में ड्यूटी कर रहे थे। वह 19 फरवरी को चार दिन के मेडिकल अवकाश पर गए थे और बाद में ड्यूटी पर लौट आए थे। लेकिन सह-आरोपी की गिरफ्तारी के बाद 28 फरवरी से वह लगातार गैरहाजिर हैं। उन्होंने न तो छुट्टी की सूचना दी है और न ही विभाग से संपर्क किया है।

सीएचसी अधीक्षक ने उनके मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन 28 फरवरी से उनका फोन बंद आ रहा है।

सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि चीफ फार्मासिस्ट जेडी बंसल 28 फरवरी से ड्यूटी से अनुपस्थित हैं। उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि वह तय समय में ड्यूटी पर नहीं लौटते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

3
953 views

Comment