logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जनगणना कार्य में ऐसी टीम गठित करें कि कहीं कोई ग़लती न हो -प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी

जनगणना कार्य में ऐसी टीम गठित करें कि कहीं कोई गलती न हो - प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी

अधिकारी जनगणना कार्य को प्राथमिकता दें

भारत की जनगणना 2027 दो चरणों में होगी। जिसमें प्रथम चरण मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक रहेगा। इसके लिए समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी मास्टर ट्रेनर्स एवं फील्ड ट्रेनर्स का गठन करें, जिससे जनगणना कार्य में कोई गलती न हो सके। फील्ड ट्रेनर्स ऐसा होना चाहिए कि जनगणना की बिंदुवार जानकारी प्रशिक्षण के तौर पर दे सके। जनगणना प्रत्येक बिन्दुओं को चार्ज अधिकारी चुनाव की तर्ज पर उन्हें पढ़े, किसी भी प्रकार की गलती नहीं होनी चाहिए। ये निर्देश प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने सोमवार को आयोजित बैठक के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार मुरैना में दिये। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, समस्त एसडीएम, जनपद सीईओ, तहसीलदार एवं सीएमओ उपस्थित रहे।
प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर श्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम तथा नगरीय क्षेत्र में वार्ड सबसे निम्न प्रशासनिक इकाई हैं। यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि मकानसूचीकरण कार्य संपादित करने वाले प्रगणक को युक्तिसंगत तथा यथासंभव समतुल्य कार्यभार प्राप्त हो। यह उद्देश्य मकान सूचीकरण प्रयोजनों हेतु ब्लॉक के गठन की प्रारंभिक किन्तु अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त किया जाता है। यहाँ ब्लॉक से अभिप्राय किसी ग्राम अथवा नगर के वार्ड में स्थित ऐसा सुस्पष्ट क्षेत्र है, जिसे भूमि पर स्पष्ट रूप से सीमांकित किया जा सके तथा जिसके लिए जनगणना कार्य के प्रयोजनार्थ एक नजरी नक्शा तैयार किया जाए। मकानसूचीकरण ब्लॉक, गणना ब्लॉक अंततः जनगणना संचालन की सबसे छोटी प्रशासनिक इकाई हो तथा फील्ड कार्य की समाप्ति के पश्चात् आँकड़ों के प्रसंस्करण का आधार बनेंगे।
कलेक्टर ने कहा कि एक मकानसूचीकरण ब्लॉक का गठन आवासीय क्षेत्रों में 700-800 जनसंख्या के मानदंड के अनुसार किया जाए। विरल आबादी वाले गैर-आवासीय क्षेत्रों में 300 या उससे अधिक जनगणना मकानों को ध्यान में रखते हुए एक मकानसूचीकरण ब्लॉक का गठन किया जाए। उल्लेखनीय है कि जनगणना मकान, एक भवन या भवन का वह भाग है, जिसका उपयोग अथवा पहचान एक पृथक इकाई के रूप में है। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना कार्य में एक वर्ष के अंदर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी और लंबे अवकाश पर जाने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी न लगाएं। उन्होंने कहा कि इसमें पटवारी, बीएलओ, ग्राम रोजगार सहायक या अच्छे कार्य करने वाले शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा सके।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena Jansampark Morena #MadhyaPradesh

14
1193 views

Comment