राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में जालौर की गूंज
सागर कंवर सोलंकी दो दिन की बनीं युवा विधायक
जालौर (दलपतसिंह भायल ) राजस्थान विधानसभा परिसर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद” प्रतियोगिता में जालौर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए मायलावास गांव की बेटी सागर कंवर सोलंकी (पुत्री– श्री छैल सिंह सोलंकी) ने अपने प्रखर विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए युवा प्रतिनिधियों ने “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 – युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
अपने संबोधन में सागर कंवर ने कहा कि केंद्र सरकार का केंद्रीय बजट 2026 केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक सशक्त मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि इस बजट में युवाओं के लिए शिक्षा, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक तथा आयुर्वेद जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
सागर कंवर ने कहा कि युवा ही राष्ट्र की शक्ति, आधार और भविष्य हैं। यदि युवाओं को उचित अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन मिले तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने Swami Vivekananda के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऊर्जावान युवा देश की दिशा और दशा बदलने की क्षमता रखते हैं।
किसान परिवार से आने वाली सागर कंवर सोलंकी वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय आहोर की छात्रसंघ महासचिव हैं। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव में 148 वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। शैक्षणिक क्षेत्र में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एमए इतिहास की मुख्य परीक्षा में जालौर महाविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
सागर कंवर राष्ट्रीय स्तर की मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल विजेता रह चुकी हैं तथा सॉफ्टबॉल की राज्य स्तरीय खिलाड़ी भी हैं। इसके अलावा उन्हें विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में राज्य स्तरीय चयन तथा विकसित राजस्थान यंग लीडर्स डायलॉग में पूरे राजस्थान में प्रथम रैंक प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता दिवस पर उन्हें उपखंड स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है और उन्हें जालौर गौरव अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।
सागर कंवर ने अपनी उपलब्धियों से गांव और जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया है और वह आज हजारों बालिकाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुकी हैं।