logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

देहरादून में आज ऐतिहासिक श्री झंडे जी का आरोहण, दरबार साहिब में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

देहरादून, 8 मार्च: राजधानी देहरादून में आज आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। शहर की धार्मिक पहचान बन चुके ऐतिहासिक श्री झंडे जी का आरोहण आज दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में विधि-विधान और श्रद्धा के साथ किया जाएगा। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।

हर वर्ष श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाला झंडा मेला देहरादून की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। परंपरा के अनुसार दरबार साहिब परिसर में करीब 94 फीट ऊंचे श्री झंडे जी का विधिवत आरोहण किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठानों और अरदास के बाद नए झंडे को स्थापित किया जाता है, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से यहां पहुंचते हैं।

सुबह से ही उमड़ने लगी भीड़ :
रविवार सुबह से ही दरबार साहिब परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से संगतें बड़ी संख्या में देहरादून पहुंच रही हैं। कई श्रद्धालु पारंपरिक रूप से पैदल यात्रा कर भी इस मेले में शामिल होते हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम :
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। दरबार साहिब और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है, साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं :
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक झंडा मेला के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज के पावन जन्मोत्सव पर मनाया जाने वाला यह मेला आस्था, मानवता और विश्वास की परंपराओं का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झंडा मेला उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचायक होने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सद्भाव और सेवा की भावना के लिए प्रेरित करती हैं।

11
14075 views

Comment