खड़गपुर मंडल में 70वां रेल सेवा पुरस्कार–2025 समारोह आयोजित
खड़गपुर:दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में 70वां रेल सेवा पुरस्कार–2025 समारोह शनिवार को एमडीजेडटीआई (मैकेनिकल) खड़गपुर के सभागार में आयोजित किया गया। यह समारोह 70वें रेलवे सप्ताह समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें मंडल के उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों, स्टेशनों और विभागों को सम्मानित किया गया।
समारोह में खड़गपुर मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय (DRM) ने विभिन्न स्टेशनों, विभागों और इकाइयों को उनकी उत्कृष्ट कार्यक्षमता और सेवा के लिए इफिशिएंसी शील्ड प्रदान की।
पुरस्कारों में श्यामचक स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ रखरखाव वाला स्टेशन का पुरस्कार दिया गया। वहीं संत्रागाछी कोचिंग यार्ड को ऑपरेटिंग इफिशिएंसी शील्ड से सम्मानित किया गया। इलेक्ट्रिकल जनरल डिपो – पावर यूनिट/MCA को इलेक्ट्रिकल इफिशिएंसी शील्ड और मेचेदा OHE डिपो को इलेक्ट्रिक TRD इफिशिएंसी शील्ड प्रदान किया गया।
इसके अलावा खड़गपुर स्टेशन को कॉमर्शियल इफिशिएंसी शील्ड, जबकि वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (Sr.DPO/KGP) के अधीन भर्ती अनुभाग को पर्सनल इफिशिएंसी शील्ड से सम्मानित किया गया। सिग्नल एंड टेलीकॉम (S&T) विभाग को राजभाषा इफिशिएंसी शील्ड प्रदान की गई।
वहीं कंबाइंड रनिंग रूम/अंदुल और कंबाइंड क्रू लॉबी/निमपुरा को बेस्ट रनिंग इफिशिएंसी शील्ड से नवाजा गया।
समारोह में मंडल के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर रेल कर्मचारियों के समर्पण, दक्षता और उत्कृष्ट सेवा को सराहा गया, जो सुरक्षित, कुशल और यात्री हितैषी रेल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।