राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू, छात्राओं ने लिया समाज सेवा का संकल्प
बदायूं। राष्ट्रीय महाविद्यालय बदायूं की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की तृतीय इकाई रानी लक्ष्मीबाई का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम पड़ौआ स्थित भीमराव अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता की अध्यक्षता में तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति बिश्नोई के नेतृत्व में हुआ। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। शिविर के प्रथम दिन को संकल्पना दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर स्वयंसेविकाओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं लक्ष्य गीत प्रस्तुत कर अनुशासन और समर्पण के साथ शिविर में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से स्वयंसेवी ग्रामीण समाज से संपर्क स्थापित करते हुए अपने व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। शिविर के माध्यम से छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि सेवा ही जीवन है। राष्ट्रीय सेवा योजना ऐसा मंच है जिसके माध्यम से छात्र-छात्राएं अपने व्यक्तित्व के विकास के साथ-साथ देश के विकास में भी योगदान दे सकते हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना त्याग, समर्पण और सेवा की भावना से कार्य करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी छात्राओं को शिविर को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति बिश्नोई ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वयंसेविकाओं की टोलियां बनाकर उनके दायित्वों का वितरण किया। इस अवसर पर श्रीमती शशि प्रभा ने कहा कि जीवन बहुत अनमोल है और हमें अपने समय का सदुपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहयोग देना चाहिए।
वहीं डॉ. प्रेमचंद ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य समाज को जनहित से जुड़े विषयों पर जागरूक करना तथा आवश्यक सुझावों से अवगत कराना है। हमारा कर्तव्य है कि हम राष्ट्र के प्रति सदैव समर्पित रहें। शिविर में सरिता, पूर्णिमा तोमर, ज्योति सागर, वैष्णवी मिश्रा, अंशिका शर्मा, महिमा, वैष्णो, मुस्कान, साहिबा, पायल, पारुल, मोहिनी, इशू दीक्षित, प्रतीक्षा हीरा, भावना, प्रतीक्षा, काजल, आकांक्षा, शीतल, श्रद्धा, सोनी, मनीषा, सलोनी, आरती, काम्या सिंह, प्रिया गोले, गायत्री सहित अन्य स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। संवाद