प्री-वूमेन डे पर बारीडीह में स्वास्थ्य जागरूकता की मिसाल, 120 से अधिक लोगों ने कराया हेल्थ चेकअप
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पूर्व शनिवार, 7 मार्च 2026 को बारीडीह स्थित विजया गार्डन्स, टेल्को में प्री-वूमेन डे सेलिब्रेशन के तहत एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। यहां समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह 8 बजे से 11 बजे तक आयोजित इस स्वास्थ्य जांच शिविर में महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली। शिविर में 120 से अधिक लोगों ने अपना हेल्थ चेकअप कराया, जिससे पूरे बारीडीह क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता का सकारात्मक संदेश फैलता नजर आया।
इस स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन सुनीता युगल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें ऋतु सिन्हा, विजय प्रभा और बीना झा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयास से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
वहीं, शाम 6 बजे से 9 बजे तक विजया गार्डन्स क्लब हाउस में प्री-वूमेन डे के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन ऋतु सिन्हा और मीता पाल के नेतृत्व में होगा, जिसमें सुनीता युगल और विजय प्रभा का भी विशेष सहयोग रहेगा।
कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान, उनकी उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को रेखांकित करने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देना, उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में महिला सशक्तिकरण के संदेश को मजबूत करना है।
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि ऐसे सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाज को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
— रिपोर्ट: आनंद किशोर