logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

टिहरी लेक फेस्टिवल 2026: आगराखाल–कसमोली ट्रैकिंग रूट का शुभारंभ, बांज-बुरांश के जंगलों के बीच 50 प्रतिभागियों ने किया रोमांचक ट्रैक

हिमालयन ओ–2 टिहरी लेक फेस्टिवल के दूसरे दिन प्रकृति और साहसिक पर्यटन का अनूठा संगम, हिमालयी दृश्यों और विंटर लाइन का मिला अद्भुत अनुभव

टिहरी गढ़वाल | 7 मार्च 2026।
केदारसिंह चौहान 'प्रवर'
कोटी कॉलोनी, टिहरी में साहसिक खेलों, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और संस्कृति के संदेश के साथ आयोजित “हिमालयन ओ–2 : द टिहरी लेक फेस्टिवल” के दूसरे दिन प्रतिभागियों को हिमालय के सुंदर ट्रैकिंग मार्गों से परिचित कराने के उद्देश्य से आगराखाल–कसमोली ट्रैकिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस ट्रैकिंग कार्यक्रम को उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल और डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आगराखाल से कसमोली तक आयोजित इस ट्रैकिंग अभियान में लगभग 50 प्रतिभागियों का संयुक्त दल शामिल हुआ, जिसमें वन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बांज-बुरांश के जंगलों के बीच रोमांचक ट्रैक

करीब 3.5 किलोमीटर लंबा यह ट्रैक घने बांज और बुरांश के जंगलों के बीच से होकर गुजरता है, जिसने प्रतिभागियों को प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य और हिमालयी वातावरण का अनूठा अनुभव कराया। ट्रैक के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।

पर्यटन के लिए नई संभावनाएं

इस अवसर पर डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक ने कहा कि नरेंद्रनगर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला आगराखाल–कसमोली ट्रैकिंग रूट अत्यंत सुंदर और स्वच्छ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की अपार संभावनाएं रखता है। उन्होंने कहा कि यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

स्वच्छता बनाए रखने की अपील

ग्राम प्रधान कसमोली मंजू रमोला ने कहा कि यह ट्रैक स्वच्छता की दृष्टि से बेहद साफ-सुथरा है। उन्होंने ट्रैकिंग के लिए आने वाले सभी पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। इसके लिए मार्ग में कई स्थानों पर कूड़ादान भी लगाए गए हैं, ताकि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सके।

ट्रैकिंग में शामिल स्थानीय युवती मनीषा कंडारी ने कहा कि यह क्षेत्र का बेहद सुंदर ट्रैकिंग मार्ग है और इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

ऑफबीट ट्रैकिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा कसमोली

गौरतलब है कि आगराखाल–कसमोली ट्रैक टिहरी जनपद का एक उभरता हुआ ऑफबीट ट्रैकिंग डेस्टिनेशन है। यह ट्रैक ऋषिकेश–चंबा मार्ग पर स्थित आगराखाल से शुरू होकर कसमोली गांव और कसमोली बुग्याल तक पहुंचता है, जहां से हिमालय की बर्फीली चोटियों के मनोहारी दृश्य, विंटर लाइन और स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।

इस ट्रैकिंग कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाओं को बढ़ावा देना और कसमोली ट्रैकिंग रूट को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।

प्रतिभागियों को दिए गए प्रमाणपत्र

करीब 50 सदस्यीय दल द्वारा सफल ट्रैकिंग पूरी करने के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में तहसीलदार नरेंद्रनगर अयोध्या प्रसाद उनियाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी किशोर नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी शिवपुरी रेंज विवेक जोशी, वन दारोगा आयुष तिवारी, अंजलि डबराल, वन बीट अधिकारी निशा धनोला, गौरव पुरोहित, विनोद सिंह, चौकी प्रभारी आगराखाल आमिर खान, घनश्याम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दयाल सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष आगराखाल डॉ. धर्मानंद रतूड़ी, जिलाध्यक्ष व्यापार मंडल टिहरी सुरेंद्र सिंह कंडारी, महामंत्री व्यापार मंडल विकास रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना रमोला, ग्राम प्रधान मंजू रमोला, कैम्प मेघाचल दिनेश कुमार, पूर्व प्रधान मदन चंद्र रमोला, दरमियान सिंह रमोला सहित वनकर्मी, स्थानीय नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

6
706 views

Comment