सवाई माधोपुर को वैश्विक पर्यटन पहचान दिलाने की पहल, जिला कलेक्टर काना राम ने शॉर्ट फिल्म जारी की
सवाई माधोपुर, 6 मार्च। सवाई माधोपुर जिले की प्राकृतिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को देश-विदेश के पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर काना राम ने “Sawai Madhopur – Land of Tigers & Timeless Heritage” नामक शॉर्ट फिल्म रिलीज की है।
जिला प्रशासन, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग और पर्यटन विभाग के सहयोग से तैयार इस डॉक्यूमेंट्री में जिले की ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म में रणथंभौर किला, रणथंभौर टाइगर रिजर्व, पदम व मलिक तालाब, चंबल नदी के पालीघाट, खंडार किला सहित जिले के कई रमणीय स्थलों को प्रमुखता से दिखाया गया है।
इसके साथ ही त्रिनेत्र गणेश मंदिर, चौथ माता मंदिर, घुश्मेश्वर महादेव मंदिर और सीता माता मंदिर जैसे आस्था स्थलों के माध्यम से जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को भी दर्शाया गया है।
डॉक्यूमेंट्री में सवाई माधोपुर की लोक संस्कृति, मांडना कला, ढूंढाड़ी बोली, पद दंगल, लोकगीत-नृत्य, मेलों और ग्रामीण जीवन की झलक के साथ-साथ पंच गौरव पहल के अंतर्गत मार्बल मूर्ति कला, अमरूद महोत्सव, स्थानीय कृषि उत्पाद, पारंपरिक व्यंजन और युवाओं की खेल गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार यह फिल्म सवाई माधोपुर को केवल वन्यजीव पर्यटन तक सीमित न रखकर प्रकृति, संस्कृति, आस्था और ग्रामीण पर्यटन के समग्र गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी तथा पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
यह डॉक्यूमेंट्री यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, राज्य के पर्यटन सूचना केंद्रों, राजकीय अतिथि गृहों और पर्यटक स्थलों पर भी प्रदर्शित की जाएगी।