17 मार्च से शुरू होंगी प्रारंभिक विद्यालयों की वार्षिक गृह परीक्षाएं, एक लाख से अधिक छात्र देंगे परीक्षा
#upendrasingh
Uttarakhand में Central Board of Secondary Education और राज्य बोर्ड की परीक्षाओं के बाद अब प्रारंभिक विद्यालयों में भी वार्षिक गृह परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 17 मार्च से वार्षिक गृह परीक्षाएं शुरू होंगी, जिनमें करीब एक लाख छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 17 मार्च से शुरू होकर 24 मार्च तक संचालित की जाएंगी। परीक्षा के पहले दिन सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों का हिंदी विषय का प्रश्नपत्र होगा। इसके बाद 18 मार्च को गणित, 20 मार्च को अंग्रेजी, 23 मार्च को पर्यावरणीय अध्ययन और 24 मार्च को संस्कृत तथा उर्दू विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिले में वर्तमान में कुल 786 प्राथमिक विद्यालय और 200 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब एक लाख बच्चों को इन वार्षिक परीक्षाओं में शामिल होना है। परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉपियों का मूल्यांकन तेजी से किया जाएगा ताकि परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें।
शिक्षा विभाग के अनुसार 31 मार्च तक सभी विद्यालयों में परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसके बाद 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कर दी जाएगी। इसको लेकर विभाग ने सभी विद्यालयों को समयबद्ध तरीके से परीक्षाएं आयोजित कराने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि विभाग की ओर से सभी प्रारंभिक विद्यालयों को गृह परीक्षाओं की समय-सारिणी भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को निर्धारित तिथियों के अनुसार परीक्षा संपन्न कराने और समय पर परिणाम घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि पहले के वर्षों में प्रारंभिक विद्यालयों की गृह परीक्षाएं बोर्ड परीक्षाओं से पहले कराई जाती थीं, लेकिन इस बार परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। इस वर्ष होली के बाद ही विद्यार्थियों को वार्षिक गृह परीक्षाएं देनी होंगी, जिसके लिए विद्यालयों में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।