कर्नाटक बजट 2026-27: वैष्णो देवी यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा 5,000 रुपये का सहयोग
बेंगलुरु (दलपतसिंह भायल ) कर्नाटक विधानसभा में आज वित्त वर्ष 2026-27 का बजट मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने पेश किया। बजट में राज्य के विभिन्न विकास कार्यों, सामाजिक योजनाओं और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गईं।
इसी कड़ी में सरकार ने एक अहम निर्णय लेते हुए घोषणा की कि कर्नाटक से श्री माता वैष्णोव देवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को राज्य सरकार की ओर से 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बजट भाषण में कहा कि राज्य सरकार धार्मिक आस्था और तीर्थयात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए यह योजना शुरू कर रही है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालुओं को वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा करने में सहायता प्रदान करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पावन तीर्थ का दर्शन कर सकें।
सरकार के अनुसार यह सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा और यात्रा से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
बताया जा रहा है कि यह योजना कर्नाटक सरकार के मुजराई (धार्मिक एवं धर्मादाय) विभाग के माध्यम से लागू की जाएगी। सरकार जल्द ही योजना की विस्तृत गाइडलाइन और आवेदन प्रक्रिया जारी करेगी।
कर्नाटक सरकार की इस घोषणा से राज्य के हजारों श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है, क्योंकि अब आर्थिक सहायता मिलने से अधिक लोग वैष्णो देवी की यात्रा करने में सक्षम हो सकेंगे।