“स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26” के तहत सफाई मित्र प्रशिक्षण सह क्षमतावर्धन कार्यशाला आयोजित
पीथमपुर, दिनांक 06 मार्च 2026
नगर पालिका परिषद पीथमपुर द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य कार्यालय के परिषद हॉल में सफाई मित्र प्रशिक्षण सह क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सेवन्ती सुरेश पटेल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशिकांत शुक्ला के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य नगर में कार्यरत सफाई मित्रों की कार्यक्षमता को बढ़ाना, स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित करना तथा स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों के अनुरूप बेहतर कार्यप्रणाली विकसित करना था। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के एक्सपर्ट श्री आशीष कुमार द्विवेदी द्वारा उपस्थित सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान शहर को पूर्व में स्वच्छता सर्वेक्षण में प्राप्त परिणामों, नगर पालिका द्वारा किए जा रहे स्वच्छता कार्यों तथा आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कचरा संग्रहण व्यवस्था, कचरा पृथक्करण, स्वच्छता मानकों के पालन, जनजागरूकता गतिविधियों तथा नागरिकों से बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सफाई मित्रों को अपने कार्य के प्रति जिम्मेदारी, समयबद्धता एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए नगर को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान दिलाने हेतु विशेष प्रयास करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी श्री रूपेश कुमार सूर्या, वार्ड दरोगा श्री संजय भैरवे, श्री संतोष खत्री, श्री संजय खत्री, श्री तेजपाल चौहान, श्री सतीश भैरवे, श्री राकेश गोयरे, श्री राकेश खरे सहित स्वच्छता टीम डिवाइन से श्री पंकज परिहार, श्री आशीष कुमार द्विवेदी, श्री सज्जन पटेल, सुश्री नंदनी राजपूत, श्री विष्णु परमार, श्री रवि परिहार, श्री दीपक यादव, श्री गोकुल एवं श्री अंकित चौहान तथा समस्त सफाई मित्रों एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
नगर पालिका परिषद पीथमपुर द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें नगर के सफाई मित्रों, अधिकारियों एवं नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।