Beyond Boundaries Trophy.women's zonal T20 cricket tournament for the blind 2026-west zone v/s North zone
दिल्ली, 6 मार्च 2026
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (दिल्ली यूनिट) द्वारा एक विशेष महिला ब्लाइंड टी -20 मैच का आयोजन किया गया। यह मैच नॉर्थ ज़ोन महिला टीम और साउथ ज़ोन महिला टीम के बीच खेला गया, जिसका उद्देश्य दृष्टिबाधित महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा, साहस और खेल भावना को सम्मान देना था।
टूर्नामेंट की शुरुआत सुबह उत्साह और जोश के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री नवनीत गुप्ता जी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और मैदान पर जाकर सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
टॉस के दौरान नॉर्थ ज़ोन महिला टीम ने टॉस जीतकर अपनी रणनीति तय की। श्री भारत गोयल ने पूरे मैच को बड़े ध्यान से देखा और खिलाड़ियों के अद्भुत कौशल की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से यह देखकर भावुकता व्यक्त की कि किस प्रकार दृष्टिबाधित खिलाड़ी गेंद को महसूस करके गेंदबाज़ी करते हैं, आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाज़ी करते हैं और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने इस मैच को अद्भुत, प्रेरणादायक और भावनात्मक अनुभव बताया।
कार्यक्रम का संचालन दिल्ली क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिन्होंने मुख्य अतिथि श्री नवनीत गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री गणेश दत्त शुक्ला भी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की प्रशंसा की तथा देशभर में दृष्टिबाधित महिला खिलाड़ियों को अधिक अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
यह मैच महिला त्रिकोणीय सीरीज़ – ट्रैवलर्स कप के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य खेल के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। मैदान पर उपस्थित सभी लोगों के लिए यह मैच प्रेरणा, उत्साह और भावनात्मक क्षणों से भरा हुआ रहा।
आयोजकों ने इस विशेष अवसर को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।