logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बाजार चौक का संग्राम: “सामुदायिक भवन बनेगा या अतिक्रमण जीतेगा?

ग्राम भौरगढ़ में इन दिनों एक ऐसा संघर्ष चल रहा है जो केवल एक भवन, एक मूत्रालय या एक बस स्टॉप का नहीं बल्कि गांव की व्यवस्था बनाम अतिक्रमण का संघर्ष बन चुका है। गांव के बाजार चौक में प्रस्तावित सामुदायिक भवन, सार्वजनिक मूत्रालय और बस स्टॉप को लेकर ग्रामीणों के बीच माहौल गर्म है और यह मुद्दा अब धीरे-धीरे जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है।
ग्राम के नागरिकों का कहना है कि लगभग 80 प्रतिशत ग्रामीण चाहते हैं कि सामुदायिक भवन, मूत्रालय और बस स्टॉप बाजार चौक में ही बने, क्योंकि यह स्थान गांव के बीचों-बीच है और सभी के लिए सुविधाजनक है। यहां बनने से ग्रामीणों को बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों और यात्रियों को बस का इंतजार करने के लिए उचित स्थान मिल सकेगा।
लेकिन इस विकास की राह में कुछ ऐसे लोग भी खड़े हैं जिनकी नजर विकास पर नहीं बल्कि अपने अतिक्रमण पर टिकी हुई है।
“अतिक्रमण बचाओ अभियान” बनाम “गांव बचाओ आंदोलन”
ग्रामवासियों का आरोप है कि बाजार चौक के आसपास कई लोगों ने वर्षों से अतिक्रमण कर रखा है। यदि यहां सामुदायिक भवन और बस स्टॉप बनता है तो सबसे पहले इन्हीं अतिक्रमणों को हटाना पड़ेगा।
यही कारण है कि कुछ लोग खुलकर नहीं बल्कि चुपचाप विरोध की राजनीति कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह लोग कहते फिरते हैं –
“पहले विधायक को बुलाओ, मंत्री को बुलाओ, कलेक्टर को बुलाओ… हमारे रहते कुछ नहीं होगा।”
गांव के लोगों का कहना है कि अगर विकास के हर काम के लिए पहले नेताओं की अनुमति और अतिक्रमणकारियों की सहमति लेनी पड़े, तो फिर गांव का विकास कैसे होगा?
वरिष्ठ नागरिक का सवाल
ग्राम के वरिष्ठ नागरिक धनराज रावत ने इस पूरे मामले में गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि सामुदायिक भवन की समस्या को लेकर कुछ लोग कटंगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री गौरव पारधी जी से मिलने भी गए थे।
इसके बाद जिला पंचायत सदस्य सुनीता बैटवार गांव आईं और उन्होंने कई बार आश्वासन दिया कि
“गौरव भैया आ रहे हैं… समाधान होगा।”
लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक अब तक गांव नहीं पहुंचे।
धनराज रावत का कहना है:
“अगर विधायक जी निष्पक्ष हैं तो उन्हें गांव आकर दोनों पक्षों की बात सुननी चाहिए और समाधान करना चाहिए। गांव की बहुसंख्यक जनता सामुदायिक भवन बाजार चौक में चाहती है, तो उस पर निर्णय होना चाहिए।” धमकी का आरोप
ग्रामवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा आंदोलन कर रहे रोड मैप ग्रुप के सदस्यों को धमकियां दी जा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास ऐसे वीडियो भी मौजूद हैं, जिसमें कहा जा रहा है कि
“यहां सामुदायिक भवन बनाकर दिखाओ।”
इस तरह की घटनाओं से गांव में तनाव का माहौल बनता जा रहा है।
अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी
सामुदायिक भवन, मूत्रालय और बस स्टॉप को बाजार चौक में बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी है।
ग्रामीणों का साफ कहना है:
“हम अपनी मांग पर डटे हैं। चाहे जितना समय लगे, लेकिन बाजार चौक से अतिक्रमण हटेगा और सामुदायिक भवन, मूत्रालय और बस स्टॉप यहीं बनेगा।”
सवाल जो जवाब मांगते हैं
अब गांव के लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं:
क्या विकास कार्य अतिक्रमण के कारण रुक जाएंगे?
क्या जनप्रतिनिधि गांव आकर समाधान करेंगे?
क्या प्रशासन निष्पक्ष होकर कार्रवाई करेगा?
या फिर गांव का बाजार चौक हमेशा विवाद का केंद्र बना रहेगा?
गांव का संदेश
ग्राम भौरगढ़ के नागरिकों का कहना है कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं बल्कि गांव के विकास के लिए है।
अगर बाजार चौक में सामुदायिक भवन, मूत्रालय और बस स्टॉप बनता है तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ी सुविधा होगी।

3
153 views

Comment