logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार बड़ी राहत की खबर है

जन जन की आवाज – Aima News

चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार बड़ी राहत की खबर है। यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए परिवहन विभाग ने नए नियम लागू कर दिए हैं। इन नियमों का मुख्य उद्देश्य टूर ऑपरेटरों की मनमानी पर रोक लगाना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

अब चारधाम यात्रा पर जाने वाले हर वाहन के ट्रिप कार्ड में यात्रियों और चालक की जानकारी के साथ-साथ टूर ऑपरेटर या वाहन मालिक का नाम, मोबाइल नंबर और लाइसेंस नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा। पहले ट्रिप कार्ड में ऑपरेटर की जानकारी नहीं होती थी, जिससे शिकायत होने पर केवल चालक के खिलाफ कार्रवाई हो पाती थी। लेकिन अब किसी भी शिकायत की स्थिति में टूर ऑपरेटर की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी और उनके खिलाफ भी कार्रवाई संभव होगी।

यात्रियों से तय किराये से अधिक वसूली करने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी। परिवहन विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि यदि अधिक किराया लेने की शिकायत मिली तो संबंधित वाहन का परमिट तत्काल निरस्त किया जा सकता है।

इसके अलावा नए नियमों के तहत सभी बसों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखना, चालकों के लिए वर्दी पहनना, ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग पर नियंत्रण अनिवार्य किया गया है। हर वाहन में डस्टबिन और स्पीड लिमिट डिवाइस लगाना भी जरूरी होगा।

इस साल चारधाम यात्रा के लिए करीब 1800 बसों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 400 बसें रिजर्व रखी जाएंगी। प्रतिदिन लगभग 130 बसें यात्रियों को लेकर रवाना होंगी। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश और हरबर्टपुर में सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं।

केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक 225 मैक्सी कैब की शटल सेवा भी चलाई जाएगी, जिसका किराया प्रति यात्री 50 रुपये निर्धारित किया गया है।

यात्रा मार्गों पर निगरानी को मजबूत करने के लिए छह स्थायी चेकपोस्ट और कई प्रवर्तन दल तैनात किए जाएंगे, जो यमुनोत्री, गंगोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ मार्गों पर वाहनों की जांच करेंगे।

कुल मिलाकर सरकार का उद्देश्य है कि इस बार चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित हो, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Reporting by सौरभ भंडारी, Aima News।

11:14 AM । 06-03-2026

0
16 views

Comment