होली मिलन संगोष्ठी में एकजुट हुए निजी विद्यालयों के शिक्षक-प्रबंधक
शिक्षकों के अधिकार, संगठन की मजबूती और हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने पर हुआ गंभीर मंथन
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
प्राइवेट स्कूल शिक्षक/प्रबंधक संघ द्वारा गुरुवार को होली मिलन संगोष्ठी का आयोजन सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी के सभाकक्ष में हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर दो बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव ने की।
होली के पावन अवसर पर आयोजित इस संगोष्ठी में क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों के शिक्षक, प्रबंधक एवं संगठन से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान जहां सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया, वहीं शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श भी किया गया।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि निजी विद्यालयों के शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में उनके अधिकारों की रक्षा, सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षित करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों के भविष्य को सुदृढ़ बनाने तथा टीएससीटी (TSCT) से जुड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप विद्यालय संचालन की आवश्यकता पर भी विस्तार से विचार किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में ऐसे प्रयास किए जाएंगे जिससे क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए सभी शिक्षक और विद्यालय प्रबंधक मिलकर शिक्षा के प्रसार के लिए कार्य करेंगे।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के नैतिक, सामाजिक एवं चारित्रिक विकास के लिए विद्यालयों में समय-समय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया, जिससे बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों का विकास हो सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और शिक्षा तथा समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विश्वजीत गुप्ता, कृष्ण कुमार, राम प्रवेश कुशवाहा, जगत नारायण यादव, राजेश कुमार, आदर्श तिवारी, दीपक कुमार, राकेश गुप्ता, राकेश कुमार कन्नौजिया, रणजीत सहित अन्य शिक्षक एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।