logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ग्राम गायर में कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

संजय कुमार
जालौन। विकासखंड जालौन के ग्राम गायर में तालाब किनारे जमा कूड़े के ढेर में रविवार शाम करीब 5 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लंबे समय से मोहल्ले के कुछ लोग तालाब के पास कूड़ा डाल रहे थे, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के कारण यह समस्या लगातार बढ़ती रही और आखिरकार वही कूड़ा आग का कारण बन गया।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास खड़े वाहनों व नजदीकी घरों तक खतरा पहुंच गया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था और भारी नुकसान होने की आशंका थी।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए समर के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान साहिल, आदिल, अमीर, सोहिव और मानवेंद्र सहित कई युवकों ने आगे आकर आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि कई बार मना करने के बावजूद तालाब किनारे कूड़ा डाला जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि उस समय उनकी कारें पास में खड़ी होतीं तो भारी नुकसान हो सकता था।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब किनारे कूड़ा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और वहां नियमित सफाई व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी खतरनाक घटनाएं दोबारा न हों।

38
3489 views
1 shares

Comment