नेपाल प्रतिनिधि सभा चुनाव को लेकर भारत–नेपाल समन्वय समिति की बैठक, सोनौली सीमा पर सुरक्षा व आवागमन प्रतिबंध पर हुई चर्चा
सोनौली सीमा स्थित एसएसबी कैंप कार्यालय में नेपाल में होने वाले आगामी प्रतिनिधि सभा चुनावों के दृष्टिगत भारत–नेपाल समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में नेपाली प्रशासन के अनुरोध पर निर्णय लिया गया कि आगामी चुनावों के दृष्टिगत दिनांक 02 मार्च 2026 की मध्यरात्रि से भारत–नेपाल सीमा पर सामान्य आवागमन अस्थायी रूप से बंद रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस, एलपीजी गैस, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाएं दोनों देशों के अधिकारियों के आपसी समन्वय से संचालित होती रहेंगी।
इस अवसर पर महराजगंज के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक (SP) ने संयुक्त रूप से कहा कि सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नेपाली प्रशासन को चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु भारत की ओर से सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों को सतर्क रहने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य भारत–नेपाल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चुनाव अवधि के दौरान सीमा पर शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।