नजीबाबाद : नौकरी दिलाने के नाम पर पति-पत्नी ने चार लाख ठगे, रिपोर्ट दर्ज
नजीबाबाद निवासी एक युवक ने दंपति पर नौकरी लगवाने के नाम पर चार लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आदर्श नगर गली बी-6, नजीबाबाद निवासी मोहित कुमार का आरोप है कि उसकी मुलाकात शांतिनगर चक्कर रोड निवासी संदीप कुमार और उसकी पत्नी सरिता से हुई थी। मोहित के अनुसार, उसने सिविल कोर्ट स्टाफ में आवेदन किया था, तभी आरोपियों ने उससे संपर्क कर आशुलिपिक पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया।
मोहित का कहना है कि पति-पत्नी ने बताया कि इस पद के लिए 15 लाख रुपये खर्च होंगे, लेकिन शुरुआत में उससे चार लाख रुपये ले लिए गए। आरोप है कि 13 अक्तूबर 22 को 25-25 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से सरिता के खाते में डलवाए गए।
इसके बाद 8 दिसंबर 22 को 20 हजार रुपये, 11 दिसंबर को 99 हजार रुपये और 13 दिसंबर को 30 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित का कहना है कि दो लाख रुपये यूपीआई से और दो लाख रुपये नकद दिए गए।
पीड़ित के मुताबिक काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो उसे ठगी का एहसास हुआ। जब उसने 13 जनवरी 25 को रुपये वापस मांगे तो उसके साथ अभद्रता की गई और रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया।
मोहित का कहना है कि उसने धमकी भी दी कि वे किसी से नहीं डरते। मोहित का आरोप है कि जब वह आरोपियों के घर शिकायत लेकर गया तो उनके परिजनों ने भी अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित की तहरीर पर थाना शहर कोतवाली बिजनौर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।