बोधगया के बकरौर में शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे मंत्री
बिहार सरकार के सहकारिता, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी बोधगया के बकरौर गांव पहुंचे। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ राधाकृष्ण मिश्रा उर्फ भोला मिश्रा के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और उनकी पत्नी के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि यह क्षति अत्यंत दुखद है और इस कठिन समय में पूरा संगठन परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिजनों को धैर्य और साहस बनाए रखने की बात कही। मंत्री ने भोला मिश्रा के सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव क्षेत्र के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। मौके पर भाजपा गया जी पूर्वी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार मांझी, जिला उपाध्यक्ष सुधांशु कुमार मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे।