असम के विभिन्न जिलों में रविवार तथा शनिवार देर रात हुई अलग-अलग भीषण सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई :-
असम के विभिन्न जिलों में रविवार तथा शनिवार देर रात हुई अलग-अलग भीषण सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
इन घटनाओं ने राज्य भर में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। कछार जिले के सिलचर–आइज़ोल राष्ट्रीय राजमार्ग पर काली मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिज़ायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित फास्ट फूड दुकान में जा घुसी। दुकान के अंदर मौजूद युवक सुभोध दास गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए वाहन जब्त कर लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कालियाबोर के रंगलुट, जाखलाबंधा क्षेत्र में मारुति सेलेरियो (AS 04 AD 0630) की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार मछली व्यवसायी की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद वह सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। कार में सवार पांच लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।डिगबोई पावोई में देर रात एक कार के पेड़ से टकराने पर शंतनु देव्नाथ और मृदुल देव्नाथ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डुलियाजन में तेज रफ्तार टैंकर (NL 01 K 7479) के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की वाहन के भीतर फंसकर मृत्यु हो गई। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने राज्य में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।