प्रबंध समिति अध्यक्ष के निधन से विद्यालय परिवार शोकाकुल, शोक सभा आयोजित
सुइथाकला (जौनपुर)।
शिक्षा क्षेत्र के शान्ति निकेतन पूर्व माध्यमिक विद्यालय सारी जहांगीर पट्टी की प्रबंध समिति के अध्यक्ष बैजनाथ तिवारी का अस्वस्थता के चलते शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और विद्यालय परिवार गहरे दुःख में डूब गया।
क्षेत्र के चिलबिली (हसनपुर) गांव निवासी 95 वर्षीय श्री तिवारी लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। वे जीवन भर शिक्षा और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहे। उनके सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यवहार और कर्मठता को क्षेत्रवासी सदैव स्मरण रखेंगे।
शनिवार को विद्यालय परिसर में प्रबंधक वंश गोपाल त्रिपाठी के निर्देशन में तथा प्रधानाध्यापक महेश दूबे की अध्यक्षता में भावपूर्ण शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में प्रधानाध्यापक महेश दूबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्व. तिवारी केवल एक पदाधिकारी नहीं, बल्कि विद्यालय परिवार के अभिभावक समान थे, जिनके मार्गदर्शन में विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहा।
इसके उपरांत दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई। सभा में उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम रहीं।
शोक सभा में शिक्षक हरिप्रकाश शुक्ल, दिनेश चंद्र चतुर्वेदी, राजेश चौबे, परिचारक राम सजीवन मौर्य सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं रसोईया उपस्थित रहीं और सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।