डंपर की टक्कर से 16 वर्षीय किशोरी की मौत, मौसा घायल
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके मौसा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोबिंदपुर गांव निवासी रामखेलावन निषाद अपनी भतीजी कुमारी लक्ष्मी देवी को मोटरसाइकिल से भाखूआ गांव गोपालपुर जा रहे थे। लक्ष्मी देवी होली की छुट्टियों में अपनी मौसी के घर जा रही थीं।
बताया जा रहा है कि डलमऊ की ओर से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और कुछ ही देर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामखेलावन निषाद को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस भिजवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। मृतका के पिता महावीर उर्फ कल्लू मजदूरी करते हैं। मां बुदवा देवी और भाई मुकेश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना अध्यक्ष आलोक पांडे ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।