बाडवाला में दबंगों का दुस्साहस: यमुना पुल पर वन अधिकारी की सरेराह पिटाई, वीडियो वायरल
जनपद देहरादून के कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के यमुना पुल बाडवाला पर कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है।
यहाँ खनन व्यवसाय से जुड़े कुछ दबंगों ने चकराता वन प्रभाग के एक वर्दीधारी उच्चाधिकारी को बीच सड़क पर घेरकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खाकी वर्दी का खौफ दबंगों के मन से पूरी तरह गायब नजर आ रहा है।
वीडियो बनाने पर भड़के दबंग
मामला शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे का है। पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, चकराता वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी राजीव नयन नौटियाल अपने कार्यालय से लौट रहे थे। बाडवाला क्षेत्र में यमुना नदी की ओर जा रहे एक डंपर की वीडियो बनाने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनका विरोध किया और देखते ही देखते अधिकारी पर हमला बोल दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक सरकारी सेवक को सरेआम पीटा जा रहा है, जो सीधे तौर पर शासन और प्रशासन को खुली चुनौती है।
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उप प्रभागीय वनाधिकारी की ओर से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की लिखित शिकायत दी गई है। वहीं, दूसरी ओर से बाडवाला निवासी मनीष चौहान ने भी जवाबी तहरीर दी है। मनीष चौहान का आरोप है कि अधिकारी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, साथ ही गाड़ी में तोड़फोड़ कर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और पद का दुरुपयोग किया।
दिनदहाड़े एक राजपत्रित अधिकारी के साथ हुई इस बदसलूकी ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर वर्दीधारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? क्या खनन से जुड़े लोगों के रसूख के आगे कानून बौना साबित हो रहा है? पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जाएगी।